UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

पूर्वोत्तर रेलवे का जोनल संरक्षा सेमिनार एवं वार्षिक अधिवेशन संपन्न,नई जोनल व मंडल कार्यकारिणी का गठन

Updated on: 08 October, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

विनोद यती 

 

वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे का जोनल संरक्षा सेमिनार एवं जोनल वार्षिक अधिवेशन बुधवार को उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा तथा मंडल परिचालन प्रबंधक रमेश पाण्डेय उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में ऑल इंडिया स्टेशन मास्टर एसोसिएशन के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष उमाशंकर सिंह, पूर्व केंद्रीय उपाध्यक्ष एम.ए. सिद्दीकी तथा वर्तमान केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रभाकर पाण्डेय ने सहभागिता की। अधिवेशन का शुभारंभ संगठन गीत “संगठन गढ़े चलो, सुपंथ पर बढ़े चलो” से हुआ। सेमिनार में रेलवे की सुरक्षा,संरक्षा एवं समयपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्टेशन मास्टरों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिवेशन में जीरो वैकेंसी भरने,व्यस्ततम एवं थर्ड लाइन स्टेशनों पर अतिरिक्त स्टेशन मास्टरों की नियुक्ति,पॉइंट रिवर्सल अलर्ट बजर की व्यवस्था,स्टेशन मैनेजरों को सफाई एवं कमर्शियल कार्यों से मुक्त करने,लगातार सात रात्रि ड्यूटी के स्थान पर चार रात्रि ड्यूटी रोस्टर लागू करने तथा 12 घंटे की ड्यूटी रोस्टर समाप्त करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई। अधिवेशन में पूर्वोत्तर रेलवे के तीनों मंडलों से लगभग 140 स्टेशन मास्टरों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक एकजुटता के साथ रेल संरक्षा को और मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया। जोनल वार्षिक अधिवेशन के दौरान नई जोनल कार्यकारिणी का गठन किया गया। इसमें केदारनाथ पाण्डेय (वाराणसी मंडल) को जोनल अध्यक्ष,संजय सिंह (लखनऊ मंडल) को जोनल जनरल सेक्रेटरी तथा अभिषेक त्रिवेदी (लखनऊ मंडल) को जोनल कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं लवकेश दुबे (लखनऊ मंडल) एवं अजय कुमार निराला (वाराणसी मंडल) को जोनल उपाध्यक्ष,जबकि उमेश चंद्र झा (वाराणसी मंडल) एवं अजीत सचान (इज्जतनगर मंडल) को जोनल संगठन सचिव की जिम्मेदारी दी गई। अधिवेशन में वाराणसी मंडल की नई मंडल कार्यकारिणी का भी सर्वसम्मति से गठन किया गया। सर्वेश कुमार मौर्य को मंडल सचिव,कमलेश कुमार पाण्डेय को मंडल अध्यक्ष,राजीव कुमार सिंह को मंडल वित्त सचिव तथा आलोक कुमार सिंह को संरक्षक चुना गया। कार्यक्रम के अंत में संगठन एवं संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्टेशन मास्टरों को सम्मानित किया गया। स्वागत भाषण जोनल महामंत्री अजय नारायण पाण्डेय ने दिया। मंच संचालन मंडल संगठन सचिव अनुराग सिंह यादव ने किया,जबकि धन्यवाद ज्ञापन मोहम्मद जमील द्वारा प्रस्तुत किया गया। अधिवेशन ने संगठन की एकजुटता,कर्मचारियों के हितों तथा रेलवे की संरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ सकारात्मक संदेश दिया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News