UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वाराणसी के ओम यति ने इंटर-यूनिवर्सिटी आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में जीता सिल्वर पदक

Updated on: 23 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

अतुल राय 

वाराणसी। वाराणसी के लिए गर्व का क्षण तब आया जब महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के छात्र ओम यति ने अलीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया इंटर-यूनिवर्सिटी आर्मरेसलिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर पदक अपने नाम किया। यह प्रतियोगिता 11 से 15 मार्च तक राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय,अलीगढ़ में आयोजित की गई,जिसमें देशभर के 48 विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ,वाराणसी की चार सदस्यीय आर्मरेसलिंग टीम ने भी हिस्सा लिया। ओम यति ने पुरुष 100 किलोग्राम से कम भारवर्ग में शानदार मुकाबले करते हुए रजत पदक हासिल कर वाराणसी और अपने विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया। यह प्रतियोगिता एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज़ के तत्वावधान में आयोजित की गई,जिसमें तकनीकी सहयोग पीपुल्स आर्मरेसलिंग फेडरेशन इंडिया द्वारा प्रदान किया गया। ओम यति की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय,अलीगढ़ के कुलपति प्रो. एन. बी. सिंह ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं प्रतियोगिता के संयोजक व पाफी के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. प्रवीण कुमार सिंह जादोन ने भी ओम यति को शुभकामनाएं देते हुए आगे और बड़ी सफलताएं हासिल करने का आशीर्वाद दिया। ओम यति के आर्मरेसलिंग कोच और पूर्व एशियन चैंपियन बीएचयू के डॉ. राहुल राज ने इस उपलब्धि को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ और वाराणसी के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में वाराणसी के पंजा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी देश का नाम रोशन करेंगे।ओम यति की इस सफलता से काशी विद्यापीठ सहित पूरे वाराणसी में खुशी और उत्साह का माहौल है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News