संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे का वाराणसी मंडल अपने कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है। इसी कड़ी में मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी के नेतृत्व में मंडल चिकित्सालय,वाराणसी में नव स्थापित शिशु आहार कक्ष (बेबी फीडिंग बूथ) का उद्घाटन मंडल महिला कल्याण संगठन की अध्यक्षा श्रीमती वाणी जैन द्वारा फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर मंडल महिला कल्याण संगठन की कार्यकारिणी सदस्याएं, मंडल चिकित्सालय के चिकित्सकगण तथा पैरा मेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्रीमती वाणी जैन ने बताया कि वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री शेख रहमान के विशेष प्रयासों से लेडीज सर्किल वाराणसी स्वयंसेवी संस्था द्वारा मंडल चिकित्सालय में इस महत्वपूर्ण सुविधा की स्थापना की गई है।उन्होंने कहा कि शिशु आहार कक्ष का उद्देश्य अस्पताल आने वाली माताओं को अपने शिशुओं को स्तनपान कराने एवं उनकी देखभाल के लिए सुरक्षित,स्वच्छ,आरामदायक तथा गोपनीय वातावरण उपलब्ध कराना है। यह सुविधा माताओं को सम्मानजनक एवं सुविधाजनक वातावरण प्रदान करेगी,जिससे शिशुओं के स्वास्थ्य,पोषण एवं समुचित देखभाल को बढ़ावा मिलेगा।उद्घाटन के उपरांत श्रीमती वाणी जैन ने शिशु आहार कक्ष का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन किया। कक्ष में आरामदायक बैठने की व्यवस्था,पर्याप्त प्रकाश,स्वच्छ वातावरण,उचित वेंटिलेशन तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह व्यवस्था रेलवे अस्पताल में आने वाली माताओं एवं शिशुओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगी।इस अवसर पर मंडल चिकित्सालय के सेमिनार कक्ष में स्तनपान जागरूकता संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया।संगोष्ठी में श्रीमती वाणी जैन,मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कल्पना दुबे ने स्तनपान के महत्व एवं इसके स्वास्थ्य संबंधी लाभों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं को जागरूक किया।कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. आर. जे. चौधुरी द्वारा किया गया। वाराणसी मंडल द्वारा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में की गई यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक संवेदनशील,समावेशी एवं जनहितकारी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।