UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

धरनारत छात्रों ने कराया मुण्डन, जांच होने तक प्राचार्य को पद से हटाने की उठायी मांग

Updated on: 13 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय में 20 मार्च को सूर्य प्रताप सिंह की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में धरनारत छात्र प्राचार्य को पद से हटाने हेतु निरन्तर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान बुधवार को धरनारत छात्रों ने मृतक छात्र की आत्मा की शान्ति व आन्दोलन की मजबूती हेतु धरनास्थल पर ही मुण्डन कराते हुए विरोध जताया। धरना स्थल पर आयोजित सभा का नेतृत्व करते हुए विद्यालय के उपाध्यक्ष प्रतीक उपाध्याय ने कहा कि जब तक घटना के जिम्मेदार प्राचार्य को पद से हटाया नहीं जाएगा तब तक हमारा यह शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। यही नहीं अगर जिला प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्यवाही नहीं की जाती है तो‌ हम सभी भूख हड़ताल करने पर भी आमादा होंगे और अन्य महाविद्यालय के छात्रों को भी धरना में शामिल करते हुए आंदोलन को और भी उग्र करने को बाध्य होंगे। वहीं मौके पर उपस्थित एसीपी सारनाथ बिदूष सक्सेना द्वारा डीएम से हुई बातचीत के दौरान बताया गया कि डीएम द्वारा एडीएम प्रशासन विपिन कुमार की अध्यक्षता में घटना की निष्पक्ष जांच हेतु टीम गठित की गयी है।जो चार सप्ताह में जांचकर रिपोर्ट जिला प्रशासन को सौंपेंगे।जांच में दोषी पाये जाने वाले के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। मौके पर उपस्थित अपर पुलिस उपायुक्त वरूणापार नीतू कादयान ने कहा कि इस घटना में शामिल दो की गिरफ्तारी की गयी है,एक ने समर्पण कर दिया है।जांच हेतु एडीएम प्रशासन विपिन कुमार की अध्यक्षता में मजिस्ट्रियल जांच करायी जा रही है।जांच में दोषी के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित होगी।धरनारत छात्रों ने प्राचार्य को हटाते हुए उनपर मुकदमा पंजीकृत करने, कार्यवाही चलने तक प्राचार्य को कार्यमुक्त करने,मृतक के परिजनों को उचित क्षतिपूर्ति मुआवजा देने,मृतक के परिवार में किसी को सरकारी नौकरी देने आदि की मांग किया।मांगे पूरी होने तक हमारा यह शांतिपूर्ण अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। धरने की अध्यक्षता उपाध्यक्ष प्रतीक उपाध्याय ने किया तथा धरने में छात्रसंघ अध्यक्ष सुधीर सिंह,उत्कर्ष, नितिन,नमन, आदित्य,मनीष सिंह, विवेक,अभय समेत सैकड़ों छात्र उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News