पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर रामपुर ग्राम मई निवासी पत्रकार अतुल कुमार दुबे ने मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) जौनपुर को शिकायती पत्र सौंपकर धनुहाँ बाजार स्थित न्यू पब्लिक हॉस्पिटल एवं उसके संचालक डॉ. राम जतन मौर्या के विरुद्ध जांच कर कठोर कानूनी कार्रवाई किए जाने तथा अस्पताल को सीज किए जाने की मांग की है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि उक्त अस्पताल में कथित रूप से बिना समुचित चिकित्सकीय जांच एवं आवश्यक उपचार के मरीजों का इलाज किया जा रहा है। प्रार्थी के अनुसार उनके परिवार के एक सदस्य को सामान्य स्वास्थ्य समस्या होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां केवल ग्लूकोज/सलाइन चढ़ाकर इलाज के नाम पर 5100 रुपये की धनराशि वसूल ली गई। शिकायतकर्ता का कहना है कि उक्त भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया गया है, जिसका रिकॉर्ड उनके पास सुरक्षित है।पत्रकार अतुल कुमार दुबे ने अपने शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया है कि अस्पताल में चिकित्सा संबंधी मानकों, नियमों एवं शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों का पालन नहीं किया जा रहा है तथा मरीजों का आर्थिक एवं मानसिक शोषण किया जा रहा है। उन्होंने अस्पताल के पंजीकरण, लाइसेंस, चिकित्सकों की योग्यता तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की गहन जांच कराने की मांग की है।शिकायतकर्ता ने मुख्य चिकित्साधिकारी से अनुरोध किया है कि यदि जांच में अस्पताल अवैध रूप से संचालित पाया जाता है तो अस्पताल संचालक के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में कानूनी एवं दण्डात्मक कार्रवाई करते हुए अस्पताल को तत्काल प्रभाव से सीज कर बंद कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी अन्य व्यक्ति का शोषण न हो सके।मामला स्वास्थ्य विभाग के संज्ञान में आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब आम जनता की निगाहें स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।