UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

मोबाइल ग्रुप अपराधी गैंग में हो रहे तब्दील, रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें : क्षेत्राधिकारी

Updated on: 04 June, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा 

जौनपुर रामपुर थाना रामपुर परिसर में बुधवार की शाम क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा की अध्यक्षता में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों, पत्रकारों एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य अपराध नियंत्रण, सामाजिक सुरक्षा तथा युवाओं को अपराध की राह पर जाने से रोकने के लिए जनसहयोग प्राप्त करना था।बैठक को संबोधित करते हुए सीओ ने कहा कि वर्तमान समय में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम एवं अन्य डिजिटल माध्यमों पर बड़ी संख्या में युवाओं द्वारा विभिन्न समूह (ग्रुप) बनाए जा रहे हैं। प्रारंभ में ये ग्रुप सामान्य बातचीत और आपसी संपर्क के लिए बनाए जाते हैं, लेकिन समय के साथ कुछ समूहों के सदस्य संगठित होकर ऐसे कार्यों में संलिप्त हो जाते हैं जो कानून एवं समाज दोनों के लिए चुनौती बन सकते हैं उन्होंने कहा कि कई बार ऐसे ग्रुप अपने नाम, गतिविधियों और सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से समाज में भय एवं दबदबा बनाने का प्रयास करते हैं। आधुनिक जीवनशैली, बढ़ती आर्थिक आवश्यकताओं तथा त्वरित सफलता की चाहत के कारण कुछ युवा गलत रास्तों की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे अपराध की प्रवृत्ति विकसित होने लगती है। यही कारण है कि मोबाइल आधारित कुछ समूह आगे चलकर आपराधिक गैंग का स्वरूप धारण कर लेते हैं।
सीओ ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि वह अपने आसपास की गतिविधियों पर सतर्क दृष्टि रखे। यदि किसी मोबाइल ग्रुप अथवा उसके सदस्यों की गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हों तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
उन्होंने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के सभी वर्गों का सहयोग आवश्यक है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होने पर अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण कायम रखा जा सकता है।बैठक में थाना रामपुर के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार, नगर पंचायत चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल .पेट्रोल पंप संचालक अंशुमान तिवारी, अशोक दुबे, रमेश यादव,गैस एजेंसी संचालक अशोक दुबे, विभिन्न समाचार पत्रों के पत्रकार, व्यापारी एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा अपराध नियंत्रण के लिए जनसहयोग अत्यंत आवश्यक हैं

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News