UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वाराणसी : वरूणा में उफान, घरों में घुसने लगा पानी, पलायन को मजबूर हुए लोग* 

Updated on: 07 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*वाराणसी।* गंगा का जलस्तर बढ़ने का असर वरूणा नदी पर भी देखने को मिल रहा है। गंगा के पलट प्रवाह के चलते वरूणा भी उफान पर हैं। वरूणा का पानी तटवर्ती इलाके में फैलते हुए लोगों के घरों में घुस गया है। ऐसे में किनारे रहने वाले बाशिंदों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें अब घर छोड़कर पलायन को मजबूर होना पड़ रहा है। लोग घर-गृहस्थी का जरूरी सामान लेकर सुरक्षित स्थानों पर जा रहे हैं। 

 

स्थानीय लोगों ने बताया कि हर साल उन्हें इसी तरह की स्थिति से जूझना पड़ता है। इस बार भी बाढ़ के कारण खानपान और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हुई है। जिला प्रशासन ने कुछ स्थानों पर राहत चौकियां बनाई हैं। सलारपुर वार्ड नंबर 5 के प्राथमिक विद्यालय में 36 लोगों को आश्रय दिया गया है, जहां उन्हें खाद्य सामग्री और जरूरी सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। 

 

सीएम योगी ने वाराणसी दौरे के दौरान सलारपुर बाढ़ राहत कैंप का निरीक्षण किया था। उन्होंने वहां बाढ़ प्रभावित में राहत सामग्री बांटी थी। सीएम के आगमन से पूर्व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी जरूरतमंद राहत से वंचित न रहे। प्रशासन ने राहत सामग्री वितरण की प्रक्रिया तेज कर दी है।

 

ललिता ने बताया कि घर में बाढ़ का पानी भर गया है। इसलिए घर-गृहस्थी का सामान लेकर कहीं सुरक्षित स्थान पर शरण लेंगी। सलारपुर निवासी महिला ने बताया कि घर में पानी भर गया है। अब बाढ़ राहत शिविर में शरण लेंगी। महेंद्र प्रताप ने बताया कि गांव बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहे हैं। सीएम आए थे, हालात देखकर गए। 

 

उन्होंने आरोप लगाया कि लेखपाल व राजस्वकर्मियों की लापरवाही से गलत लोगों को राहत सामग्री मिल जा रही है, जबकि बाढ़ पीड़ित इससे वंचित हैं। सलारपुर निवासी अनिल कुमार शर्मा ने भी बाढ़ की परेशानी झेल रहे हैं। उनके घर में भी पानी भर गया है। बताया कि अब सुरक्षित स्थान पर शरण लेंगे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News