पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर जफराबाद। क्षेत्र के सई-गोमती नदी के संगम स्थित राजेपुर रामेश्वरम घाट से विजईपुर घाट तक आवागमन के लिए करीब 51 लाख रुपये की लागत से पीपा पुल निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। पुल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और शासन से धन स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
बताया जाता है कि पिछले तीन दशकों से क्षेत्रीय लोग इस घाट पर पीपा पुल बनाए जाने की मांग कर रहे थे। लोगों की मांग पर विधायक (पूर्व कैबिनेट मंत्री) जगदीश नारायण राय ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर हजारों लोगों की समस्या से अवगत कराते हुए पुल निर्माण की मांग की थी, जिस पर शासन स्तर से स्वीकृति मिल चुकी है। पुल बन जाने से विजईपुर घाट होते हुए केराकत तक आवागमन सुगम होगा और अभी तक नाव से नदी पार करने की मजबूरी खत्म होगी।विधायक श्री राय ने बताया कि जनता की लंबे समय से चली आ रही मांग पर शासन ने सकारात्मक निर्णय लिया है। पीडब्ल्यूडी के जेई सुनील गुप्ता के अनुसार मार्च माह के पहले प्रस्तावित व अनुमोदित कार्यों के टेंडर कराए जाते हैं, जिसके तहत इस पीपा पुल का टेंडर भी हो चुका है। शासन से धन आवंटन मिलते ही निर्माण कार्य शुरू करा दिया जाएगा।