UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

गरीबों के हक पर डाका! गोड़ापार में पट्टा आवंटन को लेकर गंभीर आरोप, लेखपाल की भूमिका पर उठे सवाल

Updated on: 25 June, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा 

 भदोही जनपद। तहसील औराई के ग्राम गोड़ापार में ग्राम समाज की भूमि के पट्टा आवंटन को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि भूमिहीन, गरीब एवं वास्तविक पात्र लोगों को पट्टा देने के बजाय आर्थिक रूप से संपन्न एवं प्रभावशाली परिवारों को लाभ पहुंचाया गया है। मामले में संबंधित लेखपाल पर मिलीभगत कर मोटी रकम लेकर अपात्र लोगों के नाम पट्टा कराने का आरोप लगाया जा रहा है।ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराई गई सूची के अनुसार प्रियंका पत्नी पंकज सिंह विभा देवी पत्नी जगदीश सिंह, गीता देवी पत्नी शिवशंकर सिंह, शिवशंकर सिंह पुत्र राम दुलार सिंह.बलिराम सिंह पुत्र जयप्रकाश सिंह , रिता देवी पत्नी जयप्रकाश सिंह,  के नाम पट्टा लाभार्थियों में शामिल बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि जिन परिवारों के नाम पट्टा किया गया है, उनमें कई सदस्य अध्यापक, इंजीनियर, पुलिस विभाग तथा अन्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत हैं। इतना ही नहीं, उनके पास पहले से पर्याप्त भूमि और संसाधन उपलब्ध हैं। ऐसे में गरीब और भूमिहीन लोगों को दरकिनार कर इन परिवारों को पट्टा दिया जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।गांव के लोगों का आरोप है कि यदि पात्रता की निष्पक्ष जांच कराई जाए तो पट्टा आवंटन में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का खुलासा हो सकता है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी भदोही, उपजिलाधिकारी औराई तथा उच्च राजस्व अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि सरकार की मंशा गरीबों को भूमि उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की है, लेकिन यदि प्रभावशाली और संपन्न लोगों को ही योजनाओं का लाभ मिलता रहा तो गरीबों का हक लगातार छीना जाता रहेगा।अब क्षेत्र की जनता की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस गंभीर मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाता है या नहीं।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News