UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

*श्रीकाशी विश्वनाथ गर्भगृह तक मोबाइल लेकर पहुंचा सिपाही, वीडियो वायरल*

Updated on: 21 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*वाराणसी।* श्री काशी विश्वनाथ के गर्भगृह तक सिपाही मोबाइल लेकर पहुंच गया। उसने अंदर के फोटो खींचे और वीडियो बनाया। इस चक्कर में जलधारी (जल चढ़ाने वाले पात्र) को भी लांघ दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सुरक्षा पर सवाल खड़े होने लगे हैं। मंदिर प्रशासन ने मामले की जांच कराकर उचित कार्रवाई की बात कही है। 

 

वीडियो सोमवार सुबह का बताया जा रहा है। सोमवार की सुबह दर्शन-पूजन के दौरान सिपाही कुछ श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर में पहुंचा था। उसने बाबा विश्वनाथ को जल चढ़ाने वाली जलधारी को लांघा, फिर उसने बाबा को माला-फूल चढ़ाया। इसके बाद पुलिसकर्मी ने दूसरी जलधारी को लांघा और कोने में जाकर खड़ा हो गया। कुछ देर बाद उसने अपने पैंट की जेब से मोबाइल निकाला और फोटो खींचने लगा। कुछ देर फोटो और वीडियो बनाने के बाद उसने मोबाइल पॉकेट में रख लिया।

 

लाइव दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने इस पर आक्रोश जताया। श्रद्धालुओं का कहना था कि इतनी कड़ी सुरक्षा के बाद भी पुलिसकर्मी मोबाइल लेकर गर्भगृह में पहुंच जा रहे हैं। यह तो मंदिर के सुरक्षा प्रोटोकॉल से खिलवाड़ है। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने मामले की जांच कराकर सख्त कार्रवाई की बात कही है। 

 

*मोबाइल अंदर ले जाना प्रतिबंधित* 

 

 श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के अंदर मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। गेट के पास चेकिंग प्वाइंट पर ही मोबाइल फोन जमा करा दिया जाता है। किसी को भी गर्भगृह में मोबाइल फोन, पेन, कंघी आदि लाने की इजाजत नहीं है। पुलिसकर्मी सिर्फ मोबाइल फोन ही नहीं, बल्कि असलहा भी चेकिंग पॉइंट तक ही ले जा सकते हैं।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News