संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव में बीती रात अराजक तत्वों द्वारा बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने से क्षेत्र में तनाव की स्थिति पैदा हो गई। सुबह जब स्थानीय लोगों की नजर प्रतिमा पर पड़ी तो दलित समाज में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते आसपास के गांवों से भी लोग मौके पर पहुंचने लगे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंच गया। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना,थानाध्यक्ष दीपक कुमार और चौकी प्रभारी अवनीश मिश्रा ने लोगों से बातचीत कर मामले की जानकारी ली और जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने का आश्वासन दिया। एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना की पहल पर देर शाम नई प्रतिमा स्थापित कर दी गई,जिसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। बताया जा रहा है कि होली के दिन इसी स्थान पर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट की घटना हुई थी,जिसके चलते पहले से ही तनाव बना हुआ था। इस मामले में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं।फिलहाल चोलापुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है और करीब आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।