UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वृक्ष लगाए स्वास्थ्य बचाऐ, मां की तरह निस्वार्थ जीवनभर छाया देते हैं वृक्ष : आशा यादव

Updated on: 14 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

हरहुआ/ वाराणसी।पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आशा एस ए-वन फाउंडेशन की संस्थापिका आशा यादव ने अपने ग्राम सभा हटिया में फलदार, छायादार एवं ऑक्सीजन प्रदान करने वाले विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के नाम कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए।

आशा यादव ने कहा कि जिस प्रकार मां अपने बच्चों का निस्वार्थ भाव से पालन-पोषण करती है, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवनभर बिना किसी स्वार्थ के हमें छाया, शुद्ध वायु, फल और जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं। इसलिए वृक्षों का संरक्षण और अधिक से अधिक पौधरोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि लगातार हो रही पेड़ों की कटाई के कारण पर्यावरण का संतुलन बिगड़ता जा रहा है। इसका सीधा प्रभाव मौसम, तापमान और लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण और बेहतर जीवन मिल सकेगा।

आशा यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का मूल आधार हैं। ये न केवल शुद्ध ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं। इसके साथ ही ये फल, लकड़ी, औषधीय लाभ प्रदान करते हैं तथा मिट्टी के कटाव को रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने बताया कि पौधे वायु में मौजूद हानिकारक गैसों एवं धूलकणों को अवशोषित कर वातावरण को स्वच्छ और हराभरा बनाए रखते हैं। 

इस अवसर पर आशा एस ए-वन फाउंडेशन के मीडिया प्रभारी एवं जिला अध्यक्ष सर्वेश यादव ने कहा कि पौधारोपण से पर्यावरण, स्वास्थ्य और आर्थिक स्तर पर अनेक लाभ प्राप्त होते हैं। पौधे ऑक्सीजन प्रदान कर वायु को शुद्ध करते हैं, तापमान को नियंत्रित कर छाया देते हैं तथा अपनी जड़ों के माध्यम से मिट्टी को बांधे रखकर मृदा अपरदन को रोकते हैं। इसके अलावा हरियाली मानसिक तनाव को कम करने और आसपास के वातावरण की सुंदरता बढ़ाने में भी सहायक होती है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "एक पेड़ मां के नाम" अभियान से पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिली है। यदि प्रत्येक व्यक्ति मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो देश स्वच्छ, हरित और प्रदूषणमुक्त वातावरण की ओर तेजी से अग्रसर होगा।कार्यक्रम में ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News