संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी- वाराणसी रिंग रोड फेज 2 पर जंसा के सजोई गांव के पास दो ट्रकों में टक्कर के बाद भीषण आग लग गई। घटना की जानकारी होते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम के साथ पुलिस पहुंची और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।जानकारी के मुताबिक, सोनभद्र से बालू लादकर गोरखपुर जा रही ट्रक (UP51M AT 4675) का पिछला टायर फट गया था। चालक बृजेश अपने खलासी के साथ मुख्य लेन पर ही ट्रक खड़ा कर रहा था। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार बालू लदी ट्रेलर (UP50 DT 4627) ने ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। घटना में ट्रक का डीजल टैंक फट गया और आग लग गयी। देखते ही देखते दोनों ट्रकें धू-धू कर जलने लगीं।ग्रामीणों ने इसकी जानकारी चौकी प्रभारी परमपुर गौरव मिश्रा को दी। चौकी प्रभारी NHI टीम को सूचित किया और पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाडियां भी मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया। इस दौरान एनएचआई कर्मियों ने लगभग दो घंटे तक रूट को सर्विस लेन में डाइवर्ट कर यातायात को सुचारू रूप संचालित कराया। घटना में दोनों ट्रकों के चालकों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।