संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*वाराणसी।* प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चार नवंबर को काशी आ सकते हैं। उस दौरान पीएम अपने संसदीय क्षेत्र काशी में सुपर मल्टी स्पेशिएलिटी हास्पिटल की आधारशिला रख सकते हैं। सुपर मल्टीस्पेशिएलिटी अस्पताल बनने से वाराणसी में चिकित्सा सुविधा और सुदृण होगी।
शासन ने मल्टी सुपर स्पेशिएलिटी हास्पिटल के लिए करीब 388 करोड़ का प्रस्ताव बनाया है। इसमें 215.62 करोड़ रुपये स्वीकृत भी हो चुके हैं। वहीं प्रोजेक्ट को तकनीकी मंजूरी भी मिल चुकी है। वर्तमान में जिले में किसी भी अस्पताल में सुपर स्पेशिएलिटी सेवाएं नहीं हैं। इससे प्लास्टिक सर्जरी, न्यूरोलाजी, यूरोलाजी, सर्जिकल आंकोलाजी, नेफ्रोलाजिस्ट, हृदय रोग, गैस्ट्रोलाजी समेत अन्य मरीजों को बीएचयू रेफर करना पड़ता है।
इस बाबत सीएमओ डा. संदीप चौधरी ने बताया कि मंडलीय चिकित्सालय में बनने वाले सुपर मल्टी स्पेशिएलिटी हास्पिटल के लिए सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी हो गई हैं। डीपीआर की मंजूरी मिल गई है। तीन साल में अस्पताल के बनकर तैयार होने की योजना है।