UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

नमो घाट पर पर्यटक पुलिस की सतर्कता और संवेदनशीलता का उदाहरण,बिछड़ी मासूम बच्ची को परिजनों से मिलाया

Updated on: 21 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देशानुसार पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आज थाना पर्यटक पुलिस की टीम द्वारा नमो घाट क्षेत्र में विशेष गश्त अभियान चलाया गया। इस दौरान थानाध्यक्ष गौरव कुमार अपने हमराह उप निरीक्षक अंकित कुलश्रेष्ठ,मुख्य आरक्षी राजकुमार,आरक्षी आदर्श एवं आरक्षी द्विजेश त्रिपाठी के साथ घाट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए पर्यटकों एवं नाविकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। गश्त के दौरान पुलिस टीम ने घाट पर संचालित नावों के नाविकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा यात्रियों के लिए अनिवार्य रूप से सेफ्टी कॉस्ट्यूम (लाइफ जैकेट) के उपयोग के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने पर कड़ी चेतावनी भी दी गई। इसी दौरान पुलिस टीम को सूचना प्राप्त हुई कि नमो घाट पर बने फोल्डिंग हैंड के नीचे एक मासूम बच्ची रोते हुए भटक रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष गौरव कुमार ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची को संरक्षण में लिया तथा उसे सांत्वना देकर सुरक्षित कराया। पुलिस टीम ने सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में बच्ची के परिजनों की तलाश कर ली। पूछताछ एवं आवश्यक तस्दीक के बाद बच्ची को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि वे गोपीगंज से नमो घाट घूमने आए थे तथा फोटो खींचने के दौरान उनकी पुत्री अनायत वारसी उनसे बिछड़ गई थी। अपनी मासूम बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों की आंखें नम हो गईं और उन्होंने थानाध्यक्ष गौरव कुमार एवं पूरी पर्यटक पुलिस टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया। पुलिस की इस मानवीय,संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई की स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों द्वारा भी भूरि-भूरि प्रशंसा की जा रही है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News