संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। पूर्वी उत्तर प्रदेश की अग्रणी एवं ख्यातिलब्ध आनंद क्रिकेट अकादमी,वाराणसी के तत्वावधान में रविवार को महान संत चिंतामणि मुखर्जी जी के पवित्र प्रांगण स्थित सी.एम. एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज,भेलूपुर के खेल मैदान में पूर्व वित्त मंत्री,उत्तर प्रदेश सरकार स्व. हरिश्चन्द्र श्रीवास्तव 'हरीश' की स्मृति में वर्ष पर्यंत संचालित विशेष क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत मानसिक एकाग्रता (मेंटल एबिलिटी) एवं स्किल डेवलपमेंट विषय पर विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य संयोजन वरिष्ठ क्रिकेटर एवं पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रतिष्ठित ऑलराउंडर पी.पी. आनंद मिश्रा (एडवोकेट) ने किया। कार्यशाला में क्रिकेट के तकनीकी पक्ष—बैटिंग,बॉलिंग,फील्डिंग तथा मानसिक मजबूती के महत्व पर विस्तृत जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिक क्रिकेट में शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक एकाग्रता और सकारात्मक सोच सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं बीएचयू से एम.पी.एड. शिक्षित मधुकर पांडेय रहे। विशिष्ट बड़े अतिथियों में वरिष्ठ अधिवक्ता विन्ध्याचल चौबे,रंजन मिश्रा (एडवोकेट) तथा सेंट्रल बार एसोसिएशन के उपाध्यक्ष उदयनाथ शर्मा (एडवोकेट) शामिल रहे। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए अनुशासन,निरंतर अभ्यास और सकारात्मक मानसिकता को उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने का आधार बताया। इस अवसर पर आनंद क्रिकेट अकादमी के कप्तान ऋषभ मिश्रा,प्रथम चतुर्वेदी,अनन्त यादव,शनि राजभर,प्रिंस राव,सत्यम कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रशिक्षु खिलाड़ी उपस्थित रहे। कार्यशाला के माध्यम से खिलाड़ियों को तकनीकी दक्षता के साथ मानसिक रूप से मजबूत बनने की प्रेरणा दी गई।