UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

अमेरिका में बजा बनारस की बेटी का डंका: ममता पाल ने वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में झटका गोल्ड

Updated on: 21 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

वाराणसी | उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के राजातालाब तहसील के बढ़ैनी खुर्द गांव की ममता पाल ने अमेरिका के अलबामा राज्य के बर्मिंघम शहर में आयोजित वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 में इतिहास रच दिया है। ममता ने 5000 मीटर क्रॉस कंट्री रेस में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश और प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

ममता इस समय उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। वे भारत की 260 सदस्यीय टीम का हिस्सा बनकर अमेरिका गई थीं, जहां 1 जुलाई को हुए मुकाबलों में उन्होंने दुनियाभर के धावकों को पीछे छोड़ते हुए स्पर्धा में पहला स्थान हासिल किया।

उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरा गांव जश्न में डूब गया। डॉ आर के पाल, प्यारेलाल, दीनू पाल, एडवोकेट संतोष कुमार पाल, डॉ धर्मेंद्र कुमार पटेल, डॉ राजेश पाल, डॉ राकेश पाल, पप्पू पाल और ग्रामीणों ने ममता के घर पहुंचकर फोन पर बात कर उन्हें और परिजनों को शुभकामनाएं दीं। उनके माता-पिता की आंखों में गर्व के आंसू दिखे और हर चेहरा ममता की सफलता पर मुस्कुराता नजर आया।

ममता के शुरुआती समय के कोच डॉ. आर.के. पाल ने बताया कि ममता की शुरुआती ट्रेनिंग गांव के सरदार पटेल इंटर कॉलेज के मैदान में हुई थी। उन्होंने कहा कि ममता हमेशा से ही मेहनती और अनुशासित खिलाड़ी रही हैं। ग्रामीण परिवेश और सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने जुनून और संघर्ष के बल पर यह मुकाम हासिल किया।

ममता पाल की यह जीत उन युवाओं के लिए प्रेरणा भी है जो छोटे गांवों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का सपना देखते हैं। ममता ने साबित कर दिया कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी मंज़िल दूर नहीं।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News