संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
अतुल राय
वाराणसी। जनपद के 70 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चौकाघाट में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में राज्य मंत्री(स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल उपस्थित रहे। उन्होंने लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आयुष्मान कार्ड धारक इस योजना के तहत पांच लाख रुपए तक की नि:शुल्क उपचार की सुविधा किसी भी पंजीकृत अस्पताल में भर्ती होकर ले सकते हैं। स्वास्थ्य सेवाएं सभी वरिष्ठ नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सरकार ने आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना में विशेष ध्यान दे रही है। इसी के तहत 70 वर्ष से अधिक के लोगों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा रहा है। सभी को उत्तम स्वास्थ्य सेवाएं मिले सरकार की यही मन्सा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि आगामी दिनों में भी इस तरह के शिविर का संचालन होता रहेगा जिससे ज्यादा से ज्यादा बुजुर्गों को लाभ मिल सके। इसके अलावा ऐसे बुजुर्ग अब अपना आयुष्मान कार्ड आयुष्मान एप से,स्वपंजीकरण के माध्यम से,अथवा आयुष्मान मित्र से,अथवा जन सेवा केंद्र से,पंचायत सचिवालय में पंचायत सहायक से,या आयुष्मान आरोग्य मंदिर में सीएचओ से,कोटेदारों और आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से आयुष्मान कार्ड बनवा सकते हैं। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं नोडल डॉ.एसएस कनौजिया ने बताया कि शनिवार के इस शिविर में 46 बुजुर्गों का,जनपद में 1067 बुजुर्गों का तथा जनपद में एक सप्ताह में 5056 बुजुर्गों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है। इस अवसर पर डॉक्टर फाल्गुनी गुप्ता,डॉक्टर सीबी मौर्या अस्पताल के कर्मचारी और समुदाय के लोग उपस्थित रहे।