UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

बनारस की मशहूर चाची की कचौड़ी और पहलवान लस्सी की दुकान पर चला बुलडोजर, लंका पर 35 दुकानें ध्वस्त, बनेगी फोरलेन सड़क*

Updated on: 22 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

*वाराणसी।* लंका की पहचान बन चुकीं प्रसिद्ध “पहलवान लस्सी” और “चाची की कचौड़ी” जैसी पुरानी दुकानों पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सड़क चौड़ीकरण अभियान के तहत ध्वस्त करा दिया। इन दुकानों समेत कुल 35 प्रतिष्ठानों पर वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई हुई। ये दुकानें फोरलेन सड़क के दायरे में आ रही थीं। 

 

लहरतारा से भिखारीपुर तिराहा होते हुए लंका चौराहा और भेलूपुर विजया मॉल तक प्रस्तावित 9.512 किलोमीटर लंबी फोरलेन सड़क परियोजना के तहत की जा रही है। इस परियोजना पर करीब 241.80 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। बीते महीने पीडब्ल्यूडी द्वारा नापी कर दुकानों और मकानों पर लाल निशान लगाकर नोटिस जारी कर दी गई थी।

 

रविदास गेट के सामने स्थित इन दुकानों का इतिहास दशकों पुराना है। कुछ व्यापारी 60-70 वर्षों से यहां व्यवसाय कर रहे थे। जब उनकी दुकानें तोड़ी गईं तो कई लोगों की आंखों में आंसू थे। एक दुकानदार ने कहा, "रोजगार खत्म हो गया, दूसरी जगह दुकान लेना संभव नहीं है क्योंकि किराया 20-25 हजार रुपये महीना है।"

 

प्रशासन की ओर से बताया गया कि जिन घरों और संपत्तियों को ध्वस्त किया जा रहा है, उन्हें मुआवजा दिया जाएगा। इसके लिए अलग से सूची तैयार की जा रही है। हालांकि, स्थानीय लोगों के लिए यह सिर्फ एक सड़क नहीं, बल्कि वर्षों की पहचान और जीविका का अंत है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News