विनोद यति की खास रिपोर्ट
वाराणसी- वाराणसी कैथी स्थित मार्कंडेय महादेव मंदिर पर्यटन का केंद्र बनेगा। इसे विस्तार देने के लिए चंदौली सांसद व केंद्रीय कैबिनेट मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने सोमवार की रात दो करोड़ 44 लाख रुपये की लागत से बनने वाली परियोजनाओं का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिलान्यास किया।केंद्रीय मंत्री ने सांसद निधि से एक करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिथि भवन का शिलान्यास किया। इसमें चार वीआइपी सुइट, ड्राइंग हाॅल, मीटिंग हाॅल, किचन, वाहन पार्किंग साथ अन्य सुविधाएं होंगी। बाद में कमरों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके साथ अजगरा विधानसभा के आठ विभिन्न मार्गों का शिलान्यास भी किया। जिसकी अनुमानित लागत दो करोड़ बारह लाख 43 हजार है। इसके साथ ही चंदौली लोक सभा क्षेत्र के आने वाले अजगरा विधान सभा के विभिन्न क्षेत्रों को 18 हाई मास्ट, एक विद्यालय में वाटर कूलर, चोलापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड मशीन, दो इंडिया मार्का हैंडपंप सहित 96 लाख 72 हजार की कुल 22 परियोजनाओं का लोकार्पण किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि गोमती नदी पर एक और पीपे के पुल का कार्य प्रगति पर है। पर्यटन के लिए इस डाक बंगले का लाभ मिलेगा। इस मौके पर विधायक त्रिभुवन राम, जय प्रकाश पांडेय, श्रीनिकेतन मिश्रा, आशीष दूबे, अंजनी पांडेय आदि मौजूद रहे।