संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
चोलापुर, वाराणसी: चोलापुर थाना क्षेत्र में पुलिस की घोर लापरवाही के कारण बिना नंबर के ट्रैक्टरों का आतंक बढ़ता जा रहा है, जिसका खामियाजा आम लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर भुगतना पड़ रहा है। बीती रात एक ऐसे ही बेलगाम ट्रैक्टर ने बाइक सवार राजेश जायसवाल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद ट्रैक्टर मौके पर ही पलट गया। घायल राजेश को तत्काल ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
यह कोई पहली घटना नहीं है। स्थानीय लोगों के अनुसार, चोलापुर में सैकड़ों की संख्या में बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर धड़ल्ले से दौड़ते हैं, जिन्हें अक्सर अप्रशिक्षित मजदूर और नाबालिग चलाते हैं। ये चालक यातायात नियमों की परवाह किए बिना तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह सब पुलिस की नाक के नीचे होता है, लेकिन पुलिस इन पर कोई कार्रवाई करने के बजाय केवल बाइक और कार वालों का चालान काटने में व्यस्त रहती है।
जब इस संबंध में थाना प्रभारी चोलापुर से बात की गई, तो उनका जवाब बेहद गैर-जिम्मेदाराना था। उन्होंने ऐसी घटनाओं को आम बताते हुए कहा, "बिना नंबर के ट्रैक्टर चल रहे हैं तो हम क्या कर सकते हैं?" उनका यह बयान दर्शाता है कि स्थानीय पुलिस इस गंभीर समस्या को लेकर कितनी संवेदनहीन है। लोगों का सीधा आरोप है कि पुलिस चंद रुपयों के लालच में इन अवैध ट्रैक्टरों पर कार्रवाई नहीं करती और लोगों को मौत के मुंह में धकेलने के लिए छोड़ देती है। इस तरह की दुर्घटनाओं की सीधी जिम्मेदारी स्थानीय पुलिस की बनती है।