संवाददाता, अतुल राय
वाराणसी, 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर पूर्वोत्तर रेलवे,वाराणसी मंडल द्वारा कार्मिक विभाग के तत्वावधान में मंडल मुख्यालय,प्रमुख रेलवे स्टेशनों,प्रशिक्षण केंद्रों,डीजलt लॉबी तथा विभिन्न रेलवे इकाइयों में "स्वस्थ आयु के लिए योग" थीम के साथ व्यापक योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रमों में रेलवे अधिकारियों,कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। वाराणसी मंडल के लहरतारा स्थित अधिकारी क्लब में आयोजित मुख्य कार्यक्रम का नेतृत्व मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन ने किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा शाखाधिकारियों,वरिष्ठ रेल अधिकारियों एवं उनके परिजनों के साथ योगाभ्यास किया। सभी आयोजन स्थलों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण भी दिखाया गया,जिससे प्रतिभागियों को योग के महत्व के प्रति प्रेरित किया गया। पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारी क्लब में योग प्रशिक्षक श्री एन. के. वर्मा ने सूर्य नमस्कार,सर्वांगासन,हलासन,शशकासन,शलभासन,मकरासन,धनुरासन,वज्रासन,शवासन तथा विभिन्न प्राणायाम विधियों का प्रदर्शन एवं अभ्यास कराया। वहीं न्यू लोको कॉलोनी स्थित इन्द्रप्रस्थ सामुदायिक भवन में रेल कर्मचारी एवं योग प्रशिक्षक छांगुर प्रसाद यादव ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अंतर्गत विभिन्न योगासन,सूर्य नमस्कार,प्राणायाम एवं प्रार्थना का अभ्यास कराया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अजय सिंह,अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अशोक कुमार वर्मा,वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह सहित सभी विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम "स्वस्थ आयु के लिए योग" रखी गई है,जिसका उद्देश्य बढ़ती आयु के साथ आने वाली चुनौतियों जैसे जोड़ों का दर्द,संतुलन की कमी और तनाव को योग के माध्यम से दूर कर लोगों को स्वस्थ,सक्रिय एवं निरोग जीवन की ओर प्रेरित करना है। रेलवे प्रशासन ने भी संरक्षित एवं सुरक्षित रेल संचालन में योग की महत्ता को रेखांकित करते हुए रेलकर्मियों को नियमित योगाभ्यास अपनाने का संदेश दिया। वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिनव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में पूरे मंडल में योग दिवस के सफल आयोजन की व्यवस्था की गई। अधिकारी क्लब के अतिरिक्त जोनल ट्रेनिंग सेंटर गाजीपुर,संयुक्त प्रशिक्षण केंद्र/बनारस कोचिंग डिपो, डीजल लॉबी,कोचिंग डिपो मऊ,वाराणसी,गोरखपुर एवं 222छपरा, मंडल चिकित्सालय वाराणसी,डेमू शेड औड़िहार,आरपीएफ बैरक बनारस तथा मंडल के सभी प्रमुख स्टेशनों एवं आरपीएफ पोस्टों पर भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पूरे उत्साह,भव्यता और व्यापक सहभागिता के साथ मनाया गया। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ योग को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।