संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
अतुल राय
वाराणसी। जिलाधिकारी वाराणसी की अध्यक्षता में शनिवार को जिला राइफल क्लब में गोवंश आश्रय स्थलों के संचालन के संबंध में जनपद स्तरीय अनुश्रवण मूल्यांकन एवं समीक्षा समिति के साथ बैठक आहूत की गई। इस बैठक में मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु नागपाल,मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी रविंद्र सिंह राजपूत,उप जिलाधिकारी,जिला पंचायत राज अधिकारी आदर्श,खंड विकास अधिकारी,सहायक अभियंता,जिला ग्रामोद्योग अधिकारी,पशु चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य समिति के सदस्य बैठक में उपस्थित रहे। बैठक में जिलाधिकारी द्वारा जनपद में संचालित ऐसी गौशाला जिसमें 50 से अधिक गोवंश संरक्षित किए गए हैं, उन गौशालाओं में सोलर लाइट लगवाने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक गोवंश आश्रय स्थलों पर आवश्यक अभिलेख एवं रजिस्टर पूर्ण रखने का निर्देश दिया गया। आगामी गर्मी एवं लू से गोवंशों के बचाव हेतु आवश्यक कार्यवाही की जाए तथा जहां 50 से अधिक गोवंश संरक्षित हैं,वहां पानी का स्प्रे लगवाया जाये।शेड के ऊपर घास फूस का लेयर लगवाया जाये एवं बड़ी गौशालाओं में पंखे की व्यवस्था भी कराई जाये।गोवंशों के भरण पोषण के लिए अतिशीघ्र भूसे का टेंडर कंप्लीट कराया जाए। जनपद में संचालित कोई भी गोवंश आश्रय स्थल को मुख्य विकास अधिकारी के परमिशन के बिना बंद नहीं किया जाए।