UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

रामपुर–निगोह मार्ग निर्माण की गुणवत्ता पर विधायक डा. आर. के. पटेल सख्त, किया स्थलीय निरीक्षण

Updated on: 13 June, 2026

पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा 

जौनपुर मड़ियाहूँ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत रामपुर–निगोह मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य में गुणवत्ता संबंधी शिकायत मिलने पर विधायक डा. आर. के. पटेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रवासियों द्वारा शिकायत की गई थी कि सड़क निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप नहीं किया जा रहा है, जिससे भविष्य में सड़क की मजबूती और उपयोगिता प्रभावित हो सकती है।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए विधायक डा. आर. के. पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और संबंधित विभाग के सक्षम अधिकारियों तथा निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण स्थल पर बुलाया। इस दौरान निर्माणाधीन सड़क की स्थलीय जांच कराई गई तथा निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का बारीकी से परीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गुणवत्ता से समझौता कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन की संयुक्त जिम्मेदारी है।डा. आर. के. पटेल ने कहा कि सड़कें केवल विकास का प्रतीक नहीं, बल्कि आमजन के सुरक्षित और सुगम आवागमन का महत्वपूर्ण आधार हैं। जनता के कर से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में उच्च गुणवत्ता बनाए रखना आवश्यक है, ताकि लोगों को लंबे समय तक उसका लाभ मिल सके।उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त किया कि सभी विकास कार्यों की निरंतर निगरानी की जाएगी और यदि कहीं भी मानकों के विपरीत कार्य पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार एजेंसी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। विधायक की इस सक्रियता से क्षेत्रीय जनता में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News