पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर। जिले के सिधवन पेट्रोल पंप के सामने नेशनल हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय यादव उर्फ संजू (45 वर्ष), पुत्र जयदेव यादव, निवासी शेरवा, जनपद भदोही के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार, संजय यादव को किसी जहरीले कीड़े (संभावित रूप से बिच्छू) ने डंक मार दिया था। इसके बाद वह अपनी बाइक से दवा लेने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि रविवार दोपहर करीब 3 बजे जब वह सिधवन पेट्रोल पंप के पास नेशनल हाईवे पार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि संजय यादव गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही सिधवन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।सिधवन चौकी प्रभारी तारकेश्वर राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके