संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। मंडल रेल प्रबंधक वाराणसी आशीष जैन द्वारा सारनाथ रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया गया,जिसमें स्टेशन की परिचालन व्यवस्था,संरक्षा उपायों तथा यात्री सुविधाओं का गहनता से आकलन किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के साथ-साथ रेलवे की सुरक्षा प्रणाली को और मजबूत बनाना रहा। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने स्टेशन पैनल,ब्लॉक इंस्टूमेंट,क्रैंक हैंडल,वीडर काउंटर, विफलता एवं कैंसिलेशन रजिस्टर सहित संरक्षा पुस्तिका का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्टेशन अधीक्षक से परिचालन संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर संचालन प्रक्रिया की समीक्षा की। इसके उपरांत उन्होंने यात्रियों की सुविधाओं का जायजा लेते हुए स्टेशन पर उपलब्ध यात्री शेड,बेंच,वाटर बूथ,प्लेटफॉर्म,शौचालय,पैदल उपरिगामी पुल,पंखों एवं प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों को स्वच्छ,सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस निरीक्षण के दौरान स्टेशन अधीक्षक सहित वरिष्ठ पर्यवेक्षकगण भी उपस्थित रहे और उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। इससे पूर्व मंडल रेल प्रबंधक ने वाराणसी सिटी–सारनाथ रेल खंड पर स्थित समपार संख्या 19C का भी संरक्षा निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बूम लॉक,हाइट गेज,गेट फोन,गेट सिग्नल, सेफ्टी उपकरण तथा सड़क की सतह की गहन जांच की। साथ ही,समपार पर कार्यरत गेटमैन के सक्षमता प्रमाण पत्र एवं पीएमई प्रमाण पत्र की जांच करते हुए उनके संरक्षा ज्ञान का भी परीक्षण किया। मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया कि रेलवे प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा समय-समय पर इस प्रकार के निरीक्षण से व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।