पहले दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, भक्ति गीतों से गूंजा रामलीला मैदान
पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
शाहगंज । नगर के रामलीला मैदान में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम चंद्र मानस कथा का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। कथा के प्रथम दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और पूरा पंडाल राम नाम के जयकारों से गूंज उठा।परम पूज्य श्री राजन जी महाराज ने व्यासपीठ से प्रवचन करते हुए कहा कि रामचरितमानस केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को आदर्श मार्ग पर चलाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि कलयुग में समय का अभाव और मानसिक विकर्षण अधिक हैं, ऐसे में भगवान के नाम का स्मरण ही सबसे सरल और प्रभावी साधन है।महाराज जी ने उदाहरण देते हुए कहा कि केवल बाहरी दिखावा या जप पर्याप्त नहीं है, बल्कि व्यक्ति को अपने आचरण में सुधार लाना चाहिए। सच्ची भक्ति वही है जो व्यवहार में झलके। उन्होंने गंगा के उदाहरण से समझाया कि जैसे वह टेढ़ी-मेढ़ी बहते हुए भी पवित्र रहती है, वैसे ही मनुष्य को परिस्थितियों के बीच अपनी श्रद्धा बनाए रखनी चाहिए।
कथा प्रारंभ से पूर्व आयोजक श्रीष अग्रहरि व सुनील अग्रहरि टप्पू, श्रीश मोदनवाल , भुवनेश्वर मोदनवाल, राम अवतार अग्रहरि, कृष्ण कांत सोनी , आनंद अग्रहरि, सिम प्रकाश अग्रहरि सिप्पू , विवेक सोनी, आदि ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर व्यासपीठ का स्वागत किया। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस बल व एक प्लाटून पीएसी तैनात रही। आयोजन समिति ने अधिकाधिक संख्या में कथा श्रवण कर जीवन में सदाचार अपनाने का आह्वान किया।