पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर शाहगंज 10 अप्रैल। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज, कलान के 2024 बैच के छात्र मनीष कुमार ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) 2025 की परीक्षा में 50वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा 9 अप्रैल 2026 को घोषित अंतिम परिणाम में मनीष की इस सफलता ने सभी को गौरवान्वित किया है अखंड नगर क्षेत्र के ग्राम सेहतपुर निवासी मनीष कुमार साधारण किसान परिवार से संबंध रखते हैं। उनके पिता नंद लाल कृषक हैं, जबकि माता तारा देवी गृहिणी हैं। आर्थिक रूप से सीमित संसाधनों के बावजूद मनीष ने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से तैयारी की और अपनी मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया।मनीष की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह, प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह तथा शिक्षकगण देवेंद्र प्रताप सिंह, रुद्र प्रताप सिंह, दिवाकर दुबे सहित अन्य शिक्षकों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष सिंह ने कहा कि मनीष की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़े सपने देख सकते हैं। वहीं प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह ने भी कठिन परिस्थितियों में मनीष द्वारा हासिल की गई इस उपलब्धि को सराहनीय बताते हुए इसे संघर्ष और संकल्प का उदाहरण बताया।