पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा
जौनपुर। रामपुर थाना क्षेत्र के विजयगिरी पोखरा गांव में सोमवार शाम करीब छह बजे नकाबपोश बदमाशों ने पूर्व प्रधान विभूति नारायण उपाध्याय (50 वर्ष) पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में पूर्व प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर में गंभीर चोटें आने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विभूति नारायण उपाध्याय अपनी सीमेंट की दुकान पर बैठे थे, तभी दो बाइकों पर सवार पांच बदमाश पहुंचे। तीन बदमाश बाइक से उतरकर अचानक डंडों से ताबड़तोड़ हमला करने लगे, जबकि दो साथी बाइक चालू हालत में मौके पर ही खड़े रहे।
चीख-पुकार सुनकर पूर्व प्रधान के चाचा और आसपास के लोग मौके पर दौड़े, जिसके बाद हमलावर गोरा पट्टी की दिशा में फरार हो गए।
सूचना पर पीआरवी 112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहाँ से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घटना से क्षेत्र में दहशत और सनसनी फैल गई है। फिलहाल हमले के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है।
थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि, “घटना की तहरीर प्राप्त होते ही मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।”