संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*हरहुआ शिवपुर थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पिसौर में हेडमास्टर पर कक्षा चार में पढ़ने वाली चार बच्चियों के साथ छेड़खानी का गंभीर आरोप लगाकर क्षुब्ध परिजनों ने हंगामा किया।
ग्रामीण लामबंद होकर हेडमास्टर को विद्यालय के एक कमरे में बंद कर नारेबाजी करते हुए आरोपित को सजा देने की मांग उठाई।
स्वजन का आरोप है कि आरोपित प्रधानाध्यापक ने शनिवार को कुल चार बच्चियों के साथ छेड़खानी की। इस दौरान उसने बच्चियों को गलत तरीके से छुआ और प्राइवेट पार्ट पर हाथ लगाने के साथ ही बाथरूम में जाते हुए निहारता रहा। इसके बाद बच्चियों को पास बुलाकर अश्लील वीडियो भी दिखा रहा था।
घटना शनिवार की है लेकिन रविवार को छुट्टी होने के कारण ग्रामीण कोई कार्रवाई नहीं कर पाए। सोमवार को विद्यालय खुलने का इंतजार करते हुए ग्रामीणों ने हेडमास्टर को पकड़ एक कक्ष में बंद कर दिया।
घटना की सूचना पर
डीसीपी वरुणा जॉन प्रमोद कुमार ,एसीपी कैंट, एसीपी रोहनिया समेत कई थानों की फोर्स भी मौके पर पहुंची ।
थाना प्रभारी रोहनिया राजू कुमार ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में न लें और स्कूल से बाहर निकल जाएं। एसडीएम सदर और खंड शिक्षा अधिकारी भी मौके पर मौजूद कर लोगों को समझाने का प्रयास करते रहे।कैंट थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा ने माइक पर लोगों को संयम और धैर्य रखने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेगी और आरोपित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने स्थानीय समुदाय में आक्रोश पैदा कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया है।
इस प्रकार की घटनाएं समाज में चिंता का विषय बन गई हैं और यह आवश्यक है कि प्रशासन इस मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करे। स्थानीय लोगों की सुरक्षा और बच्चों का संरक्षण सर्वोपरि होना चाहिए।इस घटना के बाद से विद्यालय में तनाव का माहौल बना रहा। सभी की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।