पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ उप संपादक अतुल सोनी
वाराणसी के सिंधोरा थाना क्षेत्र में बुधवार, को लगभग रात्रि 1:00 बजे एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिंधौरा निवासी 12 वर्षीय बालक मयंक मौर्या पिता सदानंद मौर्या एवं माँ माया मौर्या के घर में सर्पदंश से बालक का शिकार हो गया। उपचार के प्रयासों के बावजूद बालक की मृत्यु हो गई। यह घटना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत पीड़ादायक है।इस दुखद घटना पर सर्वेश वन्य जीव संरक्षण संस्थान के अध्यक्ष सर्वेश कुमार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि सर्पदंश से होने वाली अधिकांश मौतों को सही जानकारी, त्वरित चिकित्सा और जागरूकता के माध्यम से रोका जा सकता है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि सर्प काटने की स्थिति में झाड़-फूंक, तंत्र-मंत्र या घरेलू उपचार में समय न गंवाएं, बल्कि पीड़ित को तुरंत निकटतम सरकारी अस्पताल या सर्पदंश उपचार सुविधा वाले स्वास्थ्य केंद्र ले जाएं।संस्थान ने लोगों से अनुरोध किया कि घर और आसपास की साफ-सफाई रखें, घास-फूस व कचरे का ढेर न लगने दें, रात में टॉर्च का उपयोग करें तथा बच्चों को सर्पों से सावधानी बरतने के बारे में जागरूक करें। यदि कहीं सर्प दिखाई दे तो उसे मारने के बजाय प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा जा सके।सर्वेश वन्य जीव संरक्षण संस्थान लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सर्पदंश से बचाव, सही प्राथमिक उपचार और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रहा है। संस्थान ने सभी नागरिकों से अपील की है कि जागरूक बनें, दूसरों को भी जागरूक करें और समय रहते सही कदम उठाकर अनमोल जीवन बचाने में मदद करे।