संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*वाराणसी।* विश्वप्रसिद्ध रामनगर की ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ शनिवार 06 सितंबर 2025 की संध्या भव्य ढंग से हुआ। परंपरागत धार्मिक अनुष्ठानों और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ लीला मंचन का प्रथम दिन आरंभ हुआ।
सदियों पुरानी इस रामलीला में आज भी वही परंपरा कायम है, जहाँ आधुनिक मंच सज्जा या कृत्रिम रोशनी के बजाय प्राकृतिक परिवेश और वास्तविक पात्रों के अभिनय से धार्मिक प्रसंग जीवंत हो उठते हैं। उद्घाटन दिवस पर बालकांड का मंचन किया गया, जिसमें राम जन्म और ताड़का वध जैसे प्रसंगों को दर्शाया गया। संवाद और गीतों के माध्यम से कलाकारों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
रामनगर किले के विशाल मैदान और गलियों में हजारों की संख्या में श्रद्धालु और दर्शक जुटे। मंचन के दौरान दर्शक “जय श्रीराम” के उद्घोष के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना रहे थे।
गौरतलब है कि रामनगर की रामलीला की परंपरा लगभग 200 वर्षों से भी अधिक पुरानी है। काशी नरेश की उपस्थिति और देखरेख में आज भी इसका आयोजन होता है। इस अवसर पर काशी नरेश अनंत नारायण सिंह अपने राजसी ठाठ में मंच पर विराजमान रहे।