संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। अग्रसेन सेवा संस्थान की साधारण सभा सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल ने की। सभा में वर्षभर की गतिविधियों,सेवा कार्यों तथा आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।बैठक का प्रमुख आकर्षण संस्थान की महिला विंग के गठन का निर्णय रहा। सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि महिलाओं की सक्रिय सहभागिता से संस्थान की सामाजिक,सांस्कृतिक एवं सेवा गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलेगी और जनसेवा के कार्य अधिक प्रभावी ढंग से संचालित होंगे। सभा में आगामी तीज महोत्सव को भव्य एवं आकर्षक स्वरूप में आयोजित करने की रूपरेखा पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। साथ ही भगवान जगन्नाथजी की शोभायात्रा के अवसर पर महाभोग एवं प्रसाद वितरण तथा निकट भविष्य में धार्मिक यात्रा आयोजित करने के प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से स्वीकृत किए गए। संस्थान के कोषाध्यक्ष प्यारे कृष्ण अग्रवाल ने वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण सदन के समक्ष प्रस्तुत किया,जिसे उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया।अध्यक्ष संतोष कुमार अग्रवाल (आढ़त वाले) ने अपने संबोधन में कहा कि अग्रसेन सेवा संस्थान समाजसेवा,सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। बैठक का संचालन अनिल बंसल एवं दिनेश डोरी वाले ने किया,जबकि पंकज ब्रह्माघाट ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अशोक अग्रवाल,अनिल जैन,गिरधर अग्रवाल,केशव अग्रवाल,रमेश अग्रवाल,संतोष अग्रवाल,गोविंद,हरे कृष्णा रस्तोगी,अरुण अग्रवाल,सचिन अग्रवाल,मोहन अग्रवाल,पवन अग्रवाल,गिरधर अग्रवाल (चम्पालाल),चंद्रमोहन अग्रवाल,मोहित अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में संस्थान के सदस्य उपस्थित रहे। सभा के उपरांत सभी सदस्यों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में सामूहिक भोजन किया। संगठन की निरंतर प्रगति,सामाजिक सेवा और जनकल्याण के संकल्प के साथ बैठक का समापन हुआ।