UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

विदेशो में रोजगार उपलब्ध कराने हेतु उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का हुआ गठन

Updated on: 23 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के बेरोजगारों को विदेशों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन का गठन किया गया। जिसका उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को उनकी योग्यता तथा क्षमता के आधार पर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय दोनों स्तरों पर रोजगार उपलब्ध कराना है। बेरोजगारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु श्रम एवं सेवायोजन विभाग द्वारा (rojgaarsangam.up.gov.in)एकीकृत पोर्टल बनाया गया है।इस सम्बन्ध में गुरुवार को सेवायोजन विभाग द्वारा होटल डबल ट्री हिल्टन वाराणसी में इंटरनेशनल मोबिलिटी कांक्लेव 2025 का आयोजन किया गया। जिसका मुख्य उद्देश्य रोजगार मिशन लागू होने के उपरांत बदलते परिवेश में सेवायोजन विभाग की योजनाओं को ग्लोबल स्तर पर प्रचार प्रसार करना है। इस कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उत्तर प्रदेश सरकार के श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस मौके पर प्रमुख सचिव श्रम एवं सेवायोजन एमके शन्मुगा सुन्दरम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार,नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर निदेशक सेवायोजन पीके पुंडीर , पीओई सुनील शाह,आईएलओ सुश्री कैशरीन लाज मंचासीन रहे। इस मौके पर मंत्री अनिल राजभर ने कहा की सेवा आयोजन विभाग द्वारा देश तथा विदेशों में लगातार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। जिससे बेरोजगारों को रोजगार भी नही प्राप्त हो रहा है, बल्कि उनके परिवारों का सामाजिक तथा आर्थिक विकास भी हो रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार देश तथा विदेशों में कार्य कर रहे श्रमिकों के हितार्थ कार्य करने हेतु संकल्प बद्ध है, तथा किसी भी श्रमिकों की समस्याओं को त्वरित ढंग से निस्तारित किया जा रहा है। डॉक्टर एमके शन्मुगा सुंदरम ने कहा कि मार्च 2024 में प्रदेश के 6000 सैनिकों को इजरायल में रोजगार प्रदान किया गया है। जिसको लगभग 2 लाख प्रतिमाह वेतन दिया जा रहा है। श्रृंखला की इसी कड़ी में जर्मनी, जापान तथा अन्य देशों में भी श्रमिकों तथा तकनीकी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कहा कि सेवायोजन विभाग का प्रयास अत्यन्त सराहनीय है। उनके द्वारा यह भी कहा गया है कि विदेशों में जाने वाले युवाओं को उन देशों के नियमों, भाषाओं तथा अन्य जानकारी प्रदान करने हेतु प्रशिक्षण किये जाने की भी आवश्यकता है जिससे उनको उन देशों में आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का सामना न करना पड़े। इस मौके पर अपर निदेशक सेवायोजन पीके पुंडीर ने सभागार में उपस्थित समस्त अतिथियों का आभार प्रकट किया तथा उनके द्वारा सेवायोजन विभाग के अंतर्गत वर्तमान में संचालित योजनाओं के विषय में विस्तार से बताया गया। इस कार्यक्रम में रोजगार महाकुम्भ के फाउण्डर अभिषेक भारती तथा उनकी समस्त टीम को मंत्री जी व समस्त अधिकारियों द्वारा सफल आयोजन करने हेतु बधाई दी गई।इस कार्यक्रम में सहायक निदेशक रोजगार मुकेश कुमार, रोजगार मेला प्रभारी दीप कुमार सिंह तथा अन्य अधिकारी गण उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News