पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा
जौनपुर रामपुर थाना क्षेत्र के भगेरी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब गांव के पंचायत भवन में रखे एक ड्रम के अंदर एक बच्चे की लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान ओम यादव (पुत्र बृजेश यादव) के रूप में हुई है प्राप्त जानकारी के अनुसार ओम यादव शुक्रवार दोपहर अपने खिलौनों के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह अचानक परिजनों की नजर से ओझल हो गया। काफी देर तक जब बच्चा नहीं मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गांव में खोजबीन के बावजूद जब ओम का कहीं पता नहीं चला तो पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में निराशा छा गई बच्चे के लापता होने की सूचना मिलते ही रामपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल तलाश अभियान शुरू कराया गया। परिजनों द्वारा बताए गए स्थानों के साथ-साथ पुलिस ने पंचायत भवन में भी खोजबीन की। इसी दौरान पंचायत भवन में रखे एक ड्रम को खोलकर देखा गया, जिसमें ओम यादव का शव मिला पुलिस द्वारा बच्चे को तुरंत उपचार हेतु अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा है कि बच्चा पंचायत भवन की बाउंड्री वॉल से झांकते समय ड्रम में गिर गया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है फिलहाल परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस ने पंचायत भवन को अपने कब्जे में लेकर सील कर दिया है और फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीण तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस ने परिजनों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है और इस दुखद घड़ी में उनके साथ खड़े होने की बात कही है।