सोमवार का पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
*वाराणसी।* राष्ट्रीय फेरी पटरी ठेला व्यवसायी संगठन के नेतृत्व में सैकड़ों फेरी-पटरी व्यवसायियों ने मंगलवार को नगर निगम मुख्यालय पर जमकर प्रदर्शन किया। संगठन के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक निगम के नेतृत्व में व्यवसायियों ने जनसुनवाई के दौरान नगर निगम कार्यालय के बाहर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को लेकर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा को एक मांग पत्र सौंपा। इस दौरान पुलिस उत्पीड़न को हर हाल में रोकने की मांग की।
अभिषेक निगम ने कहा कि फेरी-पटरी व्यवसायियों पर पुलिस उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पर तुरंत कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन द्वारा गठित संघर्ष समिति अनिश्चितकालीन सत्याग्रह शुरू करेगी। नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने "पथ विक्रेता (जीविका संरक्षण और पथ विक्रय विनियमन) अधिनियम, 2014" के अनुपालन में पुलिस आयुक्त को पत्र जारी कर पुलिस उत्पीड़न की शिकायतों पर रोक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही, चौकघाट-लहरतारा फ्लाईओवर के नीचे बने नाइट मार्केट से विस्थापित फेरी-पटरी व्यवसायियों को सूचीबद्ध कर वेंडिंग जोन बनाकर पुनः स्थापित करने का भरोसा दिलाया।
प्रदर्शन और मांग पत्र सौंपने में राजेंद्र प्रसाद सिंह, हरिशंकर सिन्हा, अस्पताली सोनकर, अरविंद मौर्या, नूर मोहम्मद, गणेश यादव, मनोज जायसवाल, जय हिंद सोनकर, प्रकाश सोनकर, प्रेमचंद पांडे, छोटू झा, शीला, कुंती, मुन्नी, रेखा, विजय यादव, रामचंद्र प्रजापति, सुभाष भारद्वाज, सुरेंद्र यादव, लक्ष्मण राय, लक्खू सोनकर सहित अन्य व्यवसायी उपस्थित रहे।