पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज
*वाराणसी।* नगीना से सांसद एवं आज़ाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आज़ाद रविदास जयंती के मौके पर रविवार को सीर गोवर्धनपुर रविदास जन्मस्थली पहुंचे। उन्होंने संत शिरोमणि के चरणों में शीश नवाकर समाज के सुख-समृद्धि, शांति और सद्भाव की कामना की। इसके बाद लंगर में जाकर प्रसाद पाया। चंद्रशेखर आजाद के आगमन से उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनके साथ सेल्फी और फोटो लेने के लिए समर्थकों की भीड़ रही।
चंद्रशेखर आजाद वाराणसी एयरपोर्ट से रविदास मंदिर पहुंचे। उन्होंने गुरु रविदास के चरणों में शीश नवाकर विधिवत दर्शन-पूजन किया। उन्होंने इस अवसर पर देश और समाज में सुख, शांति और सद्भाव की कामना की। दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने मंदिर परिषद और प्रशासनिक अधिकारियों से कुछ देर तक बातचीत की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था और जयंती आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा हुई।
दर्शन के उपरांत सांसद चंद्रशेखर आज़ाद लंगर स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसाद ग्रहण किया। लंगर स्थल पर मौजूद श्रद्धालुओं और समर्थकों में उन्हें अपने बीच पाकर खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में लोग उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने के लिए आगे बढ़े, जिससे कुछ देर के लिए भीड़ बढ़ गई। चंद्रशेखर आज़ाद का गुरु रविदास की जन्मस्थली से पुराना जुड़ाव रहा है। वे बीते कई वर्षों से गुरु रविदास जयंती के अवसर पर सीर गोवर्धनपुर पहुंचते रहे हैं।