संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी- पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन श्रीमती आरती सिंह ने नगर निकाय सामान्य निर्वाचन- 2023 के तहत पोलिंग बूथ कम्पोजिट विद्यालय गंगापुर, आराजी लाइन्स, वाराणसी का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोलिंग बूथ व उसके आस पास की सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इन्तजाम करने हेतु आवश्यक दिशा - निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान थाना रोहनियां के प्रभारी निरीक्षक भी मौजूद थे जिन्हें पोलिंग बूथ की सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान वाले दिन मतदान स्थल के निर्धारित दायरे में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश व अराजक तत्वों को मतदान स्थल से दूर रखने हेतु निर्देशित किया। तत्पश्चात थाना रोहनियां व थाना मण्डुवाडीह क्षेत्रान्तर्गत वी०आई०पी० कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।तदोपरान्त पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन द्वारा थाना रोहनियां पहुंचकर थाने का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान थाना परिसर का भ्रमण किया गया। थाने पर खड़े मुकदमों से संबंधित लावारिस एवं जब्त वाहनों का विधिक निस्तारण करने हेतु निर्देशित किया गया तथा जनसुनवाई रजिस्टर का अवलोकन करते हुए शिकायती प्रार्थना पत्रों का शत-प्रतिशत अंकन करने व समस्या का निस्तारण करते हुए शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के संबंध में फरियादियों से निरन्तर फीडबैक प्राप्त कर रजिस्टर में अद्यावधिक करने के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश दिये गये। साथ ही अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण बनाये रखने हेतु नियमित रूप से पैदल/रात्रि गश्त करने तथा नगर निकाय चुनाव-2023 के दृष्टिगत आपराधिक प्रवृत्ति के व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।