पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ संवाददाता आशुतोष मिश्रा*
जौनपुर रामपुर विकासखंड के पचुरुखी गांव स्थित गौशाला में लापरवाही के चलते गोवंशों की मौत का मामला सामने आया है। रविवार को विश्व हिन्दू परिषद के प्रखंड अध्यक्ष राहुल दुबे व गौ रक्षा प्रमुख और अन्य संगठनों की शिकायत पर पहुंची टीम ने देखा कि गौशाला में चार गाय मृत पड़ी हुई थीं, जबकि एक अधमरी गाय को कुत्ते और कौवे नोच रहे थे।
गौशाला में कुल 190 गायों का पंजीकरण है, लेकिन चारे की कमी और देखरेख की लापरवाही के कारण गोवंशों की हालत खराब बताई जा रही है। सूचना मिलने पर प्रशासन हरकत में आया और मौके पर पहुंचकर मृत गायों को कब्जे में लेकर दफनाने की तैयारी की गई। वहीं अधमरी गाय का इलाज पशु चिकित्सकों द्वारा कराया जा रहा है।खंड विकास अधिकारी अभिनव सरोज ने बताया कि गौशाला में मृत गायों की संख्या चार है और उन्हें दफनाने की कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो में दिख रही कुछ गायें बाहरी लोगों द्वारा मैदान में फेंकी गई हो सकती हैं। फिर भी गौशाला में गायों की मौत के कारणों की जांच की जा रही है।
इस मामले में उपजिलाधिकारी मड़ियाहू नवीन कुमार श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहू गिरेंद्र कुमार सिंह, पशु चिकित्सक व पुलिस बल मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल की। गौशाला की स्थिति सुधारने के लिए चारे की आपूर्ति की गई है तथा आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जा रही है।