UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 183 जोड़ों का सामूहिक विवाह सकुशल हुआ सम्पन्न

Updated on: 17 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत रविवार को बड़ा गांव स्थित बलदेव इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रांगण में 183 जोड़ों का सामूहिक विवाह सामाजिक रीति‌ रिवाज व वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सकुशल सम्पन्न हुआ।इन जोड़ों में बड़ागांव विकास खण्ड के 84 जोड़े तथा पिण्डरा विकास खण्ड के 99 जोड़े शामिल रहे। इस अवसर पर पिंडरा विधायक डॉ अवधेश सिंह, जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार के साथ साथ अन्य जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का शुभारंभ उपस्थित गणमान्य जन प्रतिनिधियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर कराया गया। तत्पश्चात सामूहिक विवाह समारोह में पुरोहितों ने एक साथ माइक से विधिवत मंत्रोच्चार, पूजन, होम हवन के बाद विवाह के सातों वचन से वर वधुओं को अवगत कराया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार समाज कल्याण विभाग के सौजन्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में सभी नव दांपत्य जोड़ों का पारंपरिक विधि विधान से उत्साह पूर्ण वातावरण में विवाह और निकाह संपन्न हुआ। जन प्रतिनिधियों एवं अन्य उपस्थित अतिथियों के द्वारा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत वर वधुओं को सांकेतिक 60,000/ का प्रतीकात्मक डेमो चेक, परिधान, उपहार सामग्री और विवाह प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों का आभार प्रकट करते हुए विधायक डॉ अवधेश सिंह ने सामूहिक विवाह कार्यक्रम में सम्मिलित जोड़ों को हार्दिक बधाई एवं कुशल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि हमारी सभ्यता संस्कृति हमें एक सूत्र में जोड़े रखने का काम करती है। अग्नि के समक्ष उसे साक्षी मानकर हम जो वचन लेते हैं उसे जन्मों तक निभाते भी हैं। पूरी दुनिया हमारी अलौकिक संस्कृति और सभ्यता का प्रशंसक है। कन्यादान एक महादान है। इससे बड़ा पुण्य का कोई अन्य काम नहीं है। केंद्र और राज्य सरकार की इस पहल से देश की बेटियों व नारी शक्ति को बल मिला है। केंद्र एवं राज्य सरकार उनके लिए लोक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही हैं।अन्य विधायकों ने भी समस्त नव विवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना के साथ हार्दिक बधाई भी दी। साथ ही पुष्प वर्षा कर अपना आशीर्वाद भी दिया। जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने परिणय सूत्र में बंधने वाले सभी नव दम्पतियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके सुखमय जीवन की कामना की। उन्होंने कहा कि जीवन में आपको ढेर सारी खुशियां मिले। आपका भविष्य बेहतर हो। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से नि:शुल्क बेटियों की शादी की व्यवस्था की गई है, जिसे जिला प्रशासन के द्वारा पूरी तन्मयता से क्रियान्वित किया गया।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News