पुर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़ ब्यूरो चीफ विवेक सोनी
जौनपुर/सुजानगंज चैत्र नवरात्रि की अष्टमी पर सुजानगंज क्षेत्र स्थित बसरही बाजार के ऐतिहासिक मंदिर अम्बा जी धाम समेत आसपास के सभी देवी मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं की कतारें लगनी शुरू हो गईं।, और दिन चढ़ने के साथ भीड़ लगातार बढ़ती गई। दूर-दराज के गांवों से आए भक्तों ने माँ के दरबार में मत्था टेका, विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की मंदिर के पुजारी ने क्रमवार दर्शन कराए, मंत्रोच्चार के बीच आरती उतारी और उसके बाद प्रसाद वितरण किया। परिसर और आसपास के देवी मंदिरों में पूरे दिन भजन-कीर्तन, दुर्गा सप्तशती व रामचरितमानस के पाठ गूंजते रहे।, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। देर रात तक चली विशेष आरती के बाद भी श्रद्धालु “जय माता दी के जयकारे लगाते रहे भीड़ को देखते हुए प्रशासन सतर्क रहा। थानाध्यक्ष फूलचंद पांडेय ने बताया कि मां अम्बा जी धाम में पूरे नवरात्रि भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है।, इसलिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल मंदिर परिसर, प्रवेश द्वार और भीड़ वाले रास्तों पर लगातार निगरानी रख रहा था, यातायात को व्यवस्थित किया गया और बुज़ुर्गों-बच्चों को दर्शन में प्राथमिकता दी गई। किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।