UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

सीएमओ ने औचक निरीक्षण के दौरान आराजी लाइन के अधीक्षक का रोका वेतन

Updated on: 04 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी -- मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर मुकेश कुमार ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आराजी लाइन का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, कर्मचारियों की उपस्थिति, स्वच्छता व्यवस्था एवं विभिन्न कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। बुधवार को निरीक्षण के दौरान 8:45 बजे तक कुछ चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को छोड़कर अधिकांश कर्मचारी अनुपस्थित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय परिसर एवं विभिन्न विभागों में साफ सफाई की स्थिति भी संतोष जनक नहीं पाई गई। इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सीएमओ ने चिकित्सालय की प्रशासनिक एवं व्यवस्थागत कमियों को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षक डॉक्टर संतोष कुमार सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया। साथ ही उत्तर प्राप्त होने तक उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में अनुशासन, समयबद्धता एवं गुणवत्ता युक्त सेवाएं सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ की तैनाती होने के बावजूद प्रसव कक्ष से एक नवजात शिशु को उच्च केन्द्र के लिए संदर्भित किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने इस प्रकरण को गम्भीरता से लेते हुए संबंधित चिकित्सकों एवं अधिकारियों से स्पष्टीकरण सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। सीएससी कोल्ड चेन पॉइंट के निरीक्षण के दौरान वैक्सीन वितरण संबंधी रजिस्टर अद्यतन नहीं पाए गए तथा वितरण की प्रविष्टियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अंकित नहीं थी। इस संबंध में संबंधित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया तथा अभिलेखों के नियमित एवं रखरखाव के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहने, स्वच्छता बनाए रखने, अभिलेखों का सही रखरखाव रखने तथा मरीजों को गुणवत्ता पूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा की कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जायेगी।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News