संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
मिर्जामुराद। क्षेत्र के चट्टी, चौराहों, बाजारों व सार्वजनिक स्थलों पर ठण्ड से बचाव के लिए अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं है। ठण्ड से जन जीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा है। लेकिन कोई भी जनप्रतिनिधि या विभाग ध्यान नहीं दे रहा है। जिससे गरीब मजदूर, बुनकर व किसान व राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय अंकित चौबे व निहाल सेठ का कहना है कि ठण्ड में सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं होने से गरीब व असहाय लोग ठंड में ठिठुर रहे हैं। इसके बाद भी विभाग कोई ध्यान नहीं दे रहा है।अवनीश दूबे व भरत निधि तिवारी का कहना है कि क्षेत्र के मिर्जामुराद, खजुरी, साधु कुटिया, कल्लीपुर, बेनीपुर, मेहदीगंज, लालपुर चट्टी, राने चट्टी, शिवरामपुर चट्टी, डंगहरिया, रूपापुर, कछवांरोड, चित्रसेनपुर, ठठरा, छतेरी, गुड़िया, बिहड़ा समेत आदि चट्टी चौराहों पर अलाव जलाने की कोई व्यवस्था नहीं है।जिससे कड़ाके की ठण्ड में लोग सुबह शाम अपने घरों में दुबकने को विवश हैं। इसके बाद भी जनप्रतिनिधि या प्रशासनिक अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस सम्बंध में क्षेत्रीय प्रबुद्ध नागरिकों ने शासन व प्रशासन को अवगत कराते हुए सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने की व्यवस्था कराने की मांग की है।