UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

अखिल भारतीय चौरसिया महासभा की बैठक एवं चुनाव 9-10 मई को वाराणसी में

Updated on: 28 July, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। अखिल भारतीय चौरसिया महासभा द्वारा समाज के आर्थिक रूप से असक्षम एवं प्रतिभाशाली युवाओं को उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु बड़ा कदम उठाया गया है। महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप चौरसिया ने घोषणा की है कि दिल्ली में आईएएस,पीसीएस,इंजीनियरिंग एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले जरूरतमंद छात्रों के लिए अत्याधुनिक छात्रावास एवं अध्ययन केंद्र का निर्माण कराया जा रहा है। इस उद्देश्य से “चौरसिया फाउंडेशन ट्रस्ट” की स्थापना की गई है, जिसके अंतर्गत दिल्ली के रोहिणी क्षेत्र में लगभग 7 करोड़ रुपये की लागत से 6 मंजिला भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। यह जानकारी महासभा के पदाधिकारियों ने लक्सा स्थित होटल ओके इंटरनेशनल सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी। पदाधिकारियों ने बताया कि ट्रस्ट एवं महासभा से संबंधित महत्वपूर्ण बैठक 9 मई को होटल रमाडा,रामनगर रोड,कटेसर में आयोजित की जाएगी। वहीं आगामी सत्र 2026-2029 के लिए महासभा की चुनावी प्रक्रिया 10 मई को संपन्न होगी। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी चुनाव अधिकारी महेश कानड़ी (उज्जैन),जगत नारायण चौरसिया (सिंगरौली, मध्य प्रदेश) एवं सुरेश चौरसिया (पार्षद,वाराणसी) करेंगे। सभी नामांकन प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं। चुनाव से पूर्व आयोजित आमसभा में पिछले तीन वर्षों के कार्यों का विवरण एवं आय-व्यय का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया जाएगा। इसके पश्चात नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह भी आयोजित होगा।कार्यक्रम में मुख्य रूप से गंगा बाबू चौरसिया (पूर्व राज्यपाल,सिक्किम),कैलाश नाथ चौरसिया (पूर्व मंत्री,उत्तर प्रदेश),रामेश्वर चौरसिया (पूर्व विधायक,नोखा बिहार),सुरेन्द्र चौरसिया (विधायक,रामपुर कारखाना) तथा आलोक चौरसिया (विधायक,डाल्टेनगंज) सहित देशभर से समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। पत्रकार वार्ता में प्रदीप चौरसिया,सुधीर चौरसिया,डॉ. अजय चौरसिया,बाबूलाल चौरसिया,टी.एन. चौरसिया,गणेशनी चौरसिया,सोहन लाल चौरसिया,विजय चौरसिया सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News