पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी के हरहुआ क्षेत्र की दो युवा हॉकी खिलाड़ियों मधु और पूर्णिमा यादव का चयन जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी 3 से 14 जुलाई तक यूनाइटेड किंगडम में होने वाले अंतरराष्ट्रीय दौरे में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। एक ही क्षेत्र की दो खिलाड़ियों के राष्ट्रीय टीम में चयन से खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
धनेसरी गांव की मधु फुल बैक पोजीशन पर खेलती हैं, जबकि चक्का गांव की पूर्णिमा यादव फॉरवर्ड खिलाड़ी हैं। भारतीय टीम स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के अलावा इंग्लैंड, अमेरिका और बेल्जियम की अंडर-21 टीमों के खिलाफ कुल सात मैच खेलेगी। यह प्रतियोगिता स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग और इंग्लैंड के लिलशाल में आयोजित होगी।
मधु पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। उन्होंने विवेक एकेडमी से हॉकी की शुरुआत की थी और बाद में खेल छात्रावास तथा साई बंगलूरू में जगह बनाई। वहीं पूर्णिमा पहले भी ऑस्ट्रेलिया दौरे और जूनियर महिला हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। हॉकी वाराणसी के अध्यक्ष डॉ. ए0के0 सिंह व विवेक एकेडमी के सीमांत सिंह चक्का के प्रधान मधुवन यादव पूर्णिमा के पिता एडवोकेट कौशलेंद्र यादव ,भाई हरिओम यादव सिंहापुर, धनेसरी के प्रधान अमित सिंह व मधु के पिता सत्यनारायण पटेल, भाई गोविंद नारायण पटेल ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।