संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी --न्याय को सरल, सुलभ एवं सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाने तथा आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण करने के उद्देश्य से मुख्य न्यायाधीश सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशन में समाधान समारोह- 2026 के अंतर्गत संपूर्ण भारतवर्ष में विशेष लोक अदालत अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित वादों का निस्तारण समझौते के आधार पर किया जाएगा। उक्त जानकारी देते हुए सिविल जज सीनियर डिवीजन पूर्णकालिक सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी राजीव मुकुल पाण्डेय ने बताया कि जनपद न्यायाधीश संजीव शुक्ला के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से दिनांक 21, 22 एवं 23 अगस्त- 2026 को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।इस आयोजन में ऐसे वाद जो सर्वोच्च न्यायालय में लम्बित हैं, तथा जिसमे समझौते की संभावना है। उन्हें आपसी सहमति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में निस्तारित किए जाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह 2026 का उद्देश्य केवल वादों का निस्तारण करना ही नहीं है, बल्कि पक्षकारों के मध्य आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए सस्ता एवं सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। इस विशेष लोक अदालत के माध्यम से पक्षकारों को वर्षों तक न्यायालय के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी तथा समय एवं धन दोनों की बचत होगी। समाधान समारोह-2026 (विशेष लोक अदालत) में पक्षकारों को शामिल होने हेतु अगली प्री सिटिंग की तिथि 25.06.2026, 30.06. 2026 एवं 03.07.2026 निर्धारित की गई है। पक्षकारों के बीच सुलह समझौता हेतु बैठक जनपद न्यायालय वाराणसी परिसर स्थित एडीआर सेंटर के मीडिएशन हाल में किया जाएगा। अधिक जानकारी हेतु जिला विधिक सेवा प्राधिकरण वाराणसी कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है। ऑनलाइन मोड से लिंक
(https://meet.jit.si/dlsavaranasi) पर भी सुलह-समझौते हेतु जुड़ सकते हैं।