संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज
अतुल राय
वाराणसी। चोलापुर थाना परिसर में आगामी नवरात्रि और रमज़ान ईद को लेकर शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पीस कमेटी बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक की अध्यक्षता प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया एवं कार्यवाहक थानाप्रभारी दीपक कुमार ने संयुक्त रूप से की। बैठक के दौरान प्रशिक्षु आईपीएस अधिकारी मानसी दहिया ने क्षेत्र के सभी संभ्रांत नागरिकों,धर्मगुरुओं एवं स्थानीय प्रतिनिधियों से एक-एक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें आम जनता का सहयोग बेहद आवश्यक है। कार्यवाहक थानाप्रभारी दीपक कुमार ने भी उपस्थित लोगों से अपील की कि सभी मिलजुलकर त्योहारों को शांतिपूर्ण और भाईचारे के साथ मनाएं। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी। बैठक में साफ-सफाई, बिजली,यातायात व्यवस्था एवं सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने आश्वासन दिया कि त्योहारों के दौरान हर आवश्यक व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा। यह बैठक आपसी भाईचारे,सौहार्द और शांति का संदेश देने में सफल रही,जिससे क्षेत्र में त्योहारों को लेकर सकारात्मक माहौल बना है।