संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़
वाराणसी। चौकाघाट के पास मछली मंडी और शराब ठेका के बगल में खुलेआम लॉटरी से जुआ खेलाया जा रहा है। जिसको लेकर आए दिन वहां पर मारपीट होती रहती है। खुलेआम रोड पर हो रहे लॉटरी के माध्यम से खिलाए जा रहे जुए का वीडियो वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां पर काफी दिनों से कुछ दबंगों द्वारा कागज पर नंबर लिखकर लॉटरी लगा कर पैसा लिया जाता है। उसके बाद लकी ड्रॉ निकालकर जितने वाले को पैसा दिया जाता है। जिसमें लाखों रुपए का रोज वारा न्यारा होता है। इस दौरान जुए में हारने वाले व्यक्ति द्वारा शराब पीकर काफी हो हल्ला किया जाता है। और मारपीट तक की जाती है। जिसमें आए दिन कोई ना कोई घायल हो जाता है। उधर से गुजरने वाले लोगों को भी काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि एलआईयू सहित लोकल पुलिस को मौखिक रूप से बताया गया। लेकिन सब कुछ जानते हुए भी कोई कार्यवाही नहीं की गई। जिससे लोगों में यह भय व्याप्त है की सूचना देने वाले की जानकारी होने पर दबंग उसके साथ अनहोनी कर सकते हैं।