UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

जनसमस्याओं के निस्तारण में हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं होगी : जिलाधिकारी

Updated on: 07 June, 2026

संवाददाता पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज़

 

वाराणसी। तहसील पिंडरा में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित एवं पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी।तहसील दिवस में खालिसपुर निवासी मनोज चौबे ने खालिसपुर रेलवे क्रॉसिंग पर लगभग 50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रेलवे ओवरब्रिज निर्माण के दौरान सर्विस लेन न बनाए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि मार्ग पर प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है,लेकिन सर्विस लेन न होने से दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है तथा बारिश में सड़क गड्ढों में तब्दील हो जाती है। शिकायत के बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। वहीं थाना गांव निवासी अधिवक्ता अवनीश पांडेय ने 26वीं बार थानारामपुर पेयजल नलकूप का मुद्दा उठाते हुए बताया कि बोरिंग होने के दो वर्ष बाद भी नलकूप चालू नहीं हो सका है। इससे करीब 20 हजार की आबादी शुद्ध पेयजल से वंचित है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने स्वयं जल निगम अधिकारियों से वार्ता कर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। फूलपुर,थाना,सुरही सहित आधा दर्जन गांवों के ग्रामीणों ने करखियाव एग्रो पार्क से निकलने वाले प्रदूषित जल के कारण नाद नदी के दूषित होने की शिकायत की।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सिंधोरा क्षेत्र के ग्रामीणों ने भूदान समिति की कीमती भूमि अपात्र व्यक्तियों को अवैध रूप से आवंटित किए जाने का आरोप लगाया। इस पर जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को स्वयं जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सुरही निवासी संतलाल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मिलीभगत से उनकी भूमि पर विपक्षी पक्ष को लाभ पहुंचाने के लिए रात में बिजली का खंभा गाड़ दिया गया।जिलाधिकारी ने मामले की जांच कर कार्रवाई के लिए एसडीओ पिंडरा को निर्देशित किया। पूर्व जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र सिंह ने दुनियापुर गांव में अपात्र व्यक्तियों को भूमि आवंटन की शिकायत दर्ज कराई। संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व,पुलिस,आपूर्ति,विद्युत,सिंचाई,लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 143 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 9 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इस दौरान प्रतिभा मिश्रा,कुलवंत सिंह,प्रतीक कुमार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News