UDYAM-UP-75-0003230
purvanchalexpressn@gmail.com
Purvanchal Express News

लखनऊ चौक स्टेडियम में चमके बनारस के सितारे,इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन ने जीता राष्ट्रीय स्तर पर दूसरा स्थान

Updated on: 17 June, 2026

पूर्वांचल एक्सप्रेस न्यूज 

अतुल राय 

वाराणसी। कड़ी मेहनत,अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम आखिरकार सफलता के रूप में सामने आया। लखनऊ के चौक स्टेडियम में आयोजित नेशनल ऑफिशियल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में वाराणसी स्थित इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन के बच्चों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे भारत में दूसरा स्थान प्राप्त कर संस्था और शहर का नाम रोशन किया।प्रतियोगिता में फाउंडेशन के खिलाड़ियों ने 15 गोल्ड और 6 सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यह उपलब्धि उन बच्चों के लिए और भी विशेष है,जो सीमित संसाधनों के बावजूद लगातार मेहनत और समर्पण के साथ आगे बढ़ रहे हैं। संस्था की प्रमुख शबा खान ने बताया कि बच्चों को केवल खेल की शिक्षा ही नहीं,बल्कि आत्मरक्षा,आत्मविश्वास और अनुशासन का प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उनका उद्देश्य बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के लिए ऑफिशियल गेम्स में देशभर में दूसरा स्थान हासिल करना गर्व की बात है। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कोच काजल कनौजिया और काजल पटेल को कोच ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं,संस्था के कोषाध्यक्ष,नेशनल रेफरी एवं कोच सुल्तान खान को अतिथि के रूप में सम्मानित किया गया। शबा खान को भी विशिष्ट अतिथि के रूप में सम्मान प्रदान किया गया। इस अवसर पर शबा खान ने सरकार से मांग की कि ऑफिशियल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स कोटे के अंतर्गत अधिक रोजगार अवसर उपलब्ध कराए जाएं,ताकि खिलाड़ियों की मेहनत को उचित पहचान और भविष्य मिल सके। गौरतलब है कि शबा खान पिछले नौ वर्षों से निस्वार्थ भाव से समाज के जरूरतमंद, अनाथ और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों,विशेषकर बेटियों को प्रशिक्षण देकर उन्हें सशक्त बनाने का कार्य कर रही हैं। उनके प्रयासों का परिणाम आज स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। स्लम क्षेत्रों,गांवों और किसान परिवारों से आने वाले बच्चे राष्ट्रीय से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना रहे हैं।इंडियन केयर सोशल फाउंडेशन का यह गौरवपूर्ण प्रदर्शन न केवल वाराणसी बल्कि पूरे प्रदेश के लिए प्रेरणास्रोत बन गया है। संस्था का लक्ष्य आने वाले समय में और अधिक बच्चों को खेलों के माध्यम से नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।

© 2022 Copyrights Reserved Purvanchal Express News